वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन से पहले विभाग अलर्ट, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
महराजगंज। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय से जारी एक महत्वपूर्ण प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 31 मार्च 2026 को वित्तीय वर्ष 2025-26 समाप्त होने के मद्देनजर विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन आयुक्त महोदया के निर्देशों के अनुपालन में कार्यालय को 31 मार्च को भी सामान्य कार्यदिवस की तरह संचालित किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान लंबित कार्यों के निस्तारण के साथ-साथ बकाया कर (टैक्स) जमा कराने की प्रक्रिया निर्बाध रूप से जारी रहेगी, ताकि किसी भी वाहन स्वामी या संबंधित व्यक्ति को असुविधा का सामना न करना पड़े।
एआरटीओ ने सभी संबंधित नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते अपने कार्य पूरे कर लें और बकाया कर अवश्य जमा करें।
इसके साथ ही कार्यालय के सभी कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे समय से कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि बजट एवं कर से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हो जाएं।
विभाग का उद्देश्य है कि वित्तीय वर्ष के अंत तक सभी लंबित मामलों का पारदर्शी और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके