केएमसी मेडिकल कॉलेज ने गोद लिए जनपद के 100 गांव — स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और जागरूकता की नई पहल
जनपद के केएमसी मेडिकल कॉलेज के सामुदायिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद के 100 गांव गोद लिए जाने का निर्णय लिया गया है। इस पहल के अंतर्गत सामाजिक संस्था नव्या इंडिया फाउंडेशन द्वारा कार्यक्रम की गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
प्रत्येक विकास खंड से 10-10 गांवों का चयन सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है, जो अंतिम चरण में है। यह “विलेज एडॉप्टेशन प्रोग्राम” ग्रामवासियों के लिए एक संजीवनी साबित होगा, जिसमें स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी कई योजनाएं शामिल होंगी।
कार्यक्रम के संबंध में आयोजित बैठक में गांवों में दी जाने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
केएमसी मेडिकल कॉलेज के चेयरमैन विनय श्रीवास्तव ने बताया कि कॉलेज एवं नव्या इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में गोद लिए गए गांवों में निःशुल्क सर्जिकल कैंप, स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं के सशक्तिकरण कार्यशाला और मासिक धर्म प्रबंधन कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक परिवार को स्वास्थ्य कार्ड निःशुल्क वितरित किया जाएगा, जिसके तहत अस्पताल में आईपीडी इलाज पर 35% की छूट और ओपीडी इलाज पूरी तरह निःशुल्क होगा।
इस योजना में मेडिकल कॉलेज की सुपर स्पेशलिटी सेवाएं — जैसे नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, क्रिटिकल केयर, जनरल मेडिसिन, ईएनटी, नेत्र रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, सर्जरी और डायलिसिस — भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
अस्पताल के सीईओ डॉ. एस. एम. रफीक ने बताया कि गांवों का चयन इस सप्ताह पूर्ण कर कार्यक्रम की गतिविधियां प्रारंभ कर दी जाएंगी।
नव्या इंडिया फाउंडेशन की संस्थापक अदिति कृष्णा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं, जबकि कार्यक्रम संयोजक डॉ. देव और डॉ. धनंजय ने गांवों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।

