मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी के नेतृत्व एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में वीसी हॉल नौतनवा में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन खंड विकास अधिकारी अमित मिश्रा की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में बाल श्रम मुक्त क्षेत्र के निर्माण, श्रम विभाग एवं बच्चों से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन एवं विद्यालय में ठहराव, टीकाकरण, मौसमी बीमारियों से बचाव, एलोपमेंट मामलों में कमी, ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की नियमित बैठकों तथा बाल हितैषी गांव की अवधारणा पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी सुबोध यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना जैसी सरकारी योजनाओं से बच्चों को जोड़कर उनकी शिक्षा और विकास को सुनिश्चित किया जा सकता है।
एडीओ पंचायत कृष्ण कुमार ने ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में बाल श्रम एवं बाल विवाह उन्मूलन को प्रमुख एजेंडा के रूप में शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं बाल विकास परियोजना के सुपरवाइजरों ने गांव स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति के प्रतिनिधि श्रवण कुमार ने बताया कि विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर 6 जून से 12 जून तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक उत्तर प्रदेश को बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
बैठक में नौतनवा, सोनौली एवं परसा मलिक थाना के बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों ने मिशन शक्ति एवं बहू-बेटी सम्मेलन कार्यक्रमों के अनुभव साझा किए। वहीं 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की मानव तस्करी रोधी इकाई के प्रभारी सुनील कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
अध्यक्षीय संबोधन में खंड विकास अधिकारी अमित मिश्रा ने कहा कि जनजागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के माध्यम से बच्चों को शिक्षा से निरंतर जोड़ा जा सकता है, जिससे बाल श्रम और बाल अपराधों में कमी लाई जा सकेगी। बैठक में ईंट-भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने पर विशेष फोकस किया गया।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत कृष्ण कुमार, संरक्षण अधिकारी सुबोध यादव, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, शिक्षा विभाग तथा पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति के श्रवण कुमार, सुनील कुमार एवं पुष्पा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।