महाराजगंज।
रेलवे की नवीन परियोजना घुघुली–आनंदनगर नई रेल लाइन के लिए किए गए भूमि अधिग्रहण में सामने आए 42 लाख रुपये की ठगी के बड़े मामले में प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार को राजस्व अर्जन अमीन एवं भू अध्यापति कार्यालय के बाबू आकाश बादल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एडीएम न्यायिक नवीन गोयल द्वारा की गई गहन जांच में यह खुलासा हुआ कि अधिक मुआवजा दिलाने के नाम पर पीड़ित से 42 लाख रुपये की वसूली की गई। बैंक स्टेटमेंट, चेक विवरण, लेनदेन रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच में बाबू आकाश बादल की उपस्थिति, संलिप्तता और सक्रिय भूमिका स्पष्ट पाई गई।
जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचते ही डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए निलंबन आदेश जारी किया और साफ चेतावनी दी कि
“इस प्रकरण में दोषी पाए गए किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे और भी कठोर कार्रवाई तय है।”
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बाबू आकाश बादल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ पुलिसिया जांच भी तेज की जाएगी। वहीं एडीएम न्यायिक पहले ही तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति कर चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक इसी विभाग में एक और बाबू पर आरोप तय होने की संभावना है, जिसने बासपार–बेंजोली के एक किसान से धनउगाही किया है।
जिलाधिकारी महाराजगंज द्वारा भ्रष्टाचारियों पर कड़ी नकेल कसते हुए किए जा रहे ये कदम जनता और प्रशासनिक स्तर पर सराहे जा रहे हैं।


