- महराजगंज /भारत न्यूज नेशन आर एन गुप्ता/भिटौली बाजार
महाराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत परसिया गांव में रविवार दोपहर करीब 2 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय जानकी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। जानकी अपने घर में दो मासूम बेटियों के साथ रहती थी, जबकि उसका पति अशोक रोज़गार के सिलसिले में बाहर गया हुआ था।
बच्ची की चीख से खुला राज
घटना के समय घर में सास-ससुर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि सास चंद्रावती और ससुर रामासरे किसी काम से बाहर गए थे। घर पर दो जेठानियां थीं, जिनमें से एक किरन शौचालय में अपनी बच्ची को शौच करा रही थी, जबकि दूसरी जेठानी अपने मायके गई हुई थी।
इसी दौरान जेठानी की एक बच्ची ने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा तो वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का बयान
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतका की दोनों बेटियों की हालत देखकर लोगों की आंखें नम हो गई हैं।




