महराजगंज जिले में अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख़्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में शनिवार को चेकिंग अभियान के दौरान सिल्ट लदे कुल 9 डंपरों को पकड़कर जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, सभी डंपर कुशीनगर से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। जांच के दौरान जब वाहन चालकों से वाहन पर लदे खनिज से संबंधित वैध परिवहन प्रपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए तो कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही मौके पर आरटीओ मनोज कुमार सिंह, खनन इंस्पेक्टर अजीत कुमार तथा सदर क्षेत्राधिकारी पहुंचे और वाहनों की गहन जांच कराई गई। दस्तावेजों के अभाव में सभी डंपरों को श्यामदेउरवा थाना परिसर में खड़ा कर सीजर की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
खनन इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि बिना अनुमति खनिज का परिवहन करना गंभीर अपराध है। वहीं आरटीओ विभाग की ओर से नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहनों के चालान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में अवैध खनन और गैरकानूनी खनिज परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।