विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर आज 03 दिसंबर 2025 को दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में “दिव्य कला मेला” का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में दिव्यांग जनों की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्वनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
गोरखपुर से पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति के माध्यम से दिव्यांग महिलाओं द्वारा तैयार किए गए जूट उत्पादों का स्टॉल लगाया गया, जिसे आगंतुकों से सराहनीय प्रतिक्रिया मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेले में पहुंचे और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने दिव्यांग उद्यमियों की मेहनत और कौशल की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान दिव्यांग जन सशक्तिकरण मंत्री नरेंद्र कश्यप भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
पीजीएसएस के स्टॉल पर संस्था के निदेशक फादर शाजी जोसेफ, दिव्यांग समूह की सदस्य प्रियंका यादव, आनंद पांडेय और रामजी उपस्थित रहे और आगंतुकों को जूट उत्पादों की विशेषताओं से अवगत कराया।
दिव्य कला मेला का उद्देश्य दिव्यांग जनों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें स्वरोजगार, आत्मसम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम उपलब्ध कराना है।