जनपद के सिसवा क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। सिसवा–घुघली मुख्य मार्ग पर बउरहवा बाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में पिता और पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई।
यह हादसा कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत उस समय हुआ, जब नगर पालिका परिषद सिसवा के अमरपूर्वा मोहल्ला निवासी हरिश्चंद्र रौनियार (28 वर्ष) अपने पिता राजू रौनियार (58 वर्ष) के साथ बाइक से निकले थे। बताया जा रहा है कि दोनों घर में होने वाली लड़की की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए सुबह घर से रवाना हुए थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और पिता-पुत्र सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान हरिश्चंद्र रौनियार व उनके पिता राजू की मौत हो गई
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
इस हृदय विदारक हादसे से सिसवा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सिसवा–घुघली मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने, स्पीड कंट्रोल और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।