महराजगंज। भारत न्यूज नेशन
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी महराजगंज के कुशल मार्गदर्शन में महिला कल्याण विभाग द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने हेतु 100 दिवसीय जागरूकता अभियान का प्रभावी संचालन किया गया।
इस क्रम में हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ विमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट संजा देवी के नेतृत्व में सदर ब्लॉक के पिपरदेउरा, शिव-पार्वती मंदिर, इंदिरानगर, बाँसपार बैजौली सहित विभिन्न क्षेत्रों में आम जनमानस एवं वस्त्र विक्रेता बंधुओं से संपर्क कर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान शपथग्रहण, पंपलेट एवं पोस्टर वितरण के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानून की जानकारी दी गई।
बाल विवाह कानूनन अपराध — सख्त सजा का प्रावधान
कार्यक्रम में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि:
बाल विवाह से बच्चों का शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास बाधित होता है
यह एक दंडनीय अपराध है
दोषी पाए जाने पर 1 लाख रुपये तक जुर्माना, 2 वर्ष तक का कठोर कारावास अथवा दोनों का प्रावधान है
साथ ही यह भी बताया गया कि लड़की की न्यूनतम विवाह आयु 18 वर्ष तथा लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है।
बाल विवाह मुक्त भारत की ली गई सामूहिक शपथ
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ ली—
“मैं शपथ लेता/लेती हूँ कि मैं बाल विवाह के खिलाफ हर संभव प्रयास करूँगा/करूँगी और अपने परिवार, पड़ोस एवं समुदाय में किसी भी बच्चे का बाल विवाह नहीं होने दूँगा/दूँगी। किसी भी प्रयास की सूचना पंचायत एवं प्रशासन को देकर ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ के निर्माण में सहयोग करूँगा/करूँगी।”
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल कल्याण विभाग की प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिनमें शामिल हैं:
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना
वन स्टॉप सेंटर
बाल सेवा योजना
स्पॉन्सरशिप योजना
1098 चाइल्ड हेल्पलाइन
181 महिला हेल्पलाइन
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
पति की मृत्यु पर निराश्रित महिला पेंशन योजना
उपस्थित प्रमुख लोग
कार्यक्रम में आई.सी.टी.सी. काउंसलर अनुपमा भारती, एस.टी.आई. काउंसलर डॉ. मीना वर्मा, चाइल्डलाइन केस वर्कर मनीषा यादव, नगरपालिका सुपरवाइज़र प्रीति, सामाजिक कार्यकर्ता प्रिया सहित अन्य लोगों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।



